घोसिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई में सोमवार को नवजात की मौत से नाराज ग्रामीणों ने हंगामा किया। परिवार वालों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाने का प्रयास किया लेकिन परिजन नहीं माने। सीएमओ ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्रयागापुर निवासी मुकेश कुमार रविवार को रात में पत्नी सीताफल को प्रसव पीड़ा होने पर औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। जहां महिला ने पुत्र को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ थे। आरोप है कि सोमवार को भोर में अचानक बच्चा रोने लगा। मुकेश ने बताया कि सास दुलारी देवी ड्यूटी पर तैनात एएनएम को जगाने लगीं लेकिन वह उठा नहीं। ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स समेत अन्य कर्मचारियों ने उनकी बात नहीं सुनी। इस बीच बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत होने के पर सीताफल और उसकी सास के रोने की आवाज सुनकर चिकित्सक और स्टाफ पहुंच गए। डॉ. पृथ्वी ने बच्चे को देखा और कहा कि अधिक दूध पीने से उसकी मौत हो गई। खबर मिलते ही गांव से बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिवार वालों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन कार्रवाई के लिए अड़े हैं। घटना के बाद परिवार वालों का रो- रोकर बुरा हाल हो गया है। बताया जाता है कि तीन बेटियों के बाद मुकेश को बेटा हुआ था। सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई होगी।