ज्ञानपुर। री-वैंप योजना के तहत जर्जर उपकरणों को सुधारा जा रहा है। सोमवार को बिजली निगम के कर्मचारियों की टीम ने युद्ध स्तर पर काम किया। ज्ञानपुर विद्युत उपकेंद्र की जर्जर ट्राली को हटाकर नई लगाई गई। इसके अलावा नगर से लेकर आसपास के गांव में तारों को घेरने वाली पेड़ की टहनियां एवं झाड़ियों को काटकर हटाया गया। इससे आने वाले समय में शार्ट सर्किट से होने वाली दिक्कतों से लोगों को राहत मिलेगी।
एक से दो दशक पूर्व लगे तार एवं उपकरण बेकार हो चुके हैं। इनको बिजली निगम की तरफ से री-वैंप योजना से बदला जा रहा है। रविवार को बिजली निगम की तरफ से नगर में आठ घंटे बिजली आपूर्ति बंद करने का नोटिस भी जारी किया गया था। इसके तहत सोमवार को सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक नगर में बिजली आपूर्ति ठप रही। इस दौरान उपकेंद्र में जर्जर उपकरणों को बदला गया। खंभों और तारों के आसपास पेड़ों की टहनियां काटकर हटाई गई। एसडीओ केके गुप्ता ने बताया कि भुड़की, भिदिउरा, मिल्की आदि गांव में भी तारों को झाड़ियों से मुक्त किया गया। एसडीओ ने बताया कि बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए काम किया जा रहा है, हालांकि दूसरी तरफ उमस और गर्मी से लोगों को परेशान होना पड़ा। तीन से चार घंटे तक चलने वाले इन्वर्टर भी पांच बजते-बजते जवाब दे गए।