ज्ञानपुर। जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय की छठवीं कक्षा में होने वाली प्रवेश परीक्षा की तैयारी शुरु हो गई है। 13 दिसंबर को होने वाली परीक्षा के लिए 11 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 4261 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होने वाली परीक्षा के लिए केंद्राध्यक्ष भी नामित हो गए हैं। जल्द ही स्टेटिक और जोनल मजिस्ट्रेट संग पर्यवेक्षकों की तैनाती की जाएगी।
जवाहर नवोदय विद्यालय ज्ञानपुर में कक्षा छह में 80 सीटें निर्धारित हैं। जिसमें प्रवेश के लिए हर साल परीक्षा कराई जाती है। इन सीटों पर प्रवेश के लिए होने वाली परीक्षा में प्रतिभाग को 4261 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. इकरामुद्दीन सिद्दिकी ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शिता के साथ कराने की तैयारी चल रही है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की ओर से नामित अफसरों की निगरानी में परीक्षा होगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा में शामिल होने के लिए 4261 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। छह ब्लॉकों में कुल 11 केंद्रो पर परीक्षा होगी। ज्ञानपुर ब्लाॅक में विभूति नारायण राजकीय इंटर काॅलेज ज्ञानपुर, जिला पंचायत बालिका इंटर काॅलेज ज्ञानपुर को केंद्र बनाया गया है। औराई ब्लाॅक में राम संजीवन लाल इंटर काॅलेज खमरिया, काशीराज महाविद्यालय इंटर काॅलेज औराई और इंटर कॉलेज बाबूसराय, भदोही ब्लाॅक में वुडवर्ड पब्लिक स्कूल व प्रेमबहादुर सिंह पब्लिक स्कूल, डीघ ब्लाॅक में पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय माडल इंटर काॅलेज सागर रायपुर, ओम पब्लिक स्कूल छतमी, सुरियावां ब्लाॅक में बीपीएमजी पब्लिक स्कूल और अभोली ब्लाॅक में श्रीमती शांति देवी इंटर कॉलेज कनकपुर शामिल है। सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य को केंद्राध्यक्ष बनाया गया है।