महर्षि भृगु की धरती पर लगने वाले ददरी मेले के अधिकार को लेकर चल रहे विवाद पर डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि नपा चेयरमैन संत कुमार उर्फ मिठाई लाल के अधिकारों का प्रशासन की तरफ से किसी प्रकार का उल्लंघन नहीं किया गया है।
नगर पालिका परिषद की सिफारिश पर ही प्रशासनिक समिति का गठन किया गया। यह समिति केवल मेला को व्यवस्थित व कार्यों के परीक्षण के लिए बनी है। आयोजन के लिए 26 सितंबर से ही अधिकारी चेयरमैन के पास फाइल लेकर दौड़ते रहे लेकिन उन्होंने हस्ताक्षर नहीं किए। ऐसे में मेले के आयोजन में बाधा आ रही थी। शासन के आदेश पर प्रशासन की ओर से ददरी मेले के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चेयरमैन का पूरा सम्मान है। वह आएं और मेले की कमान संभाले, प्रशासनिक अधिकारी उनके सहयोग में हर कदम साथ हैं। ददरी मेला नगर पालिका परिषद ही आयोजित कर रही है, प्रशासन केवल सहयोग में लगा है।