औराई। कोतवाली क्षेत्र के खमरिया निवासी नगमा की तहरीर पर पुलिस ने उसके पति, जेठ समेत छह के खिलाफ हत्या की कोशिश समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
खमरिया वार्ड नंबर 12 निवासी नगमा ने औराई कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 25 फरवरी 2018 को मेरी शादी कुरौना निवासी अरशद अंसारी से हुई थी। मेरे घर वालों ने मुस्लिम रीति रिवाज से शादी संपन्न कराई। शादी के बाद से ही मेरे ससुराल वाले मुझे आए दिन प्रताडि़त करते। इसी बीच मेरे पति अरशद अंसारी ने पानीपत में आफरीन अंसारी नाम की एक लड़की से शादी कर ली।
लॉकडाउन में वह कुरौना गांव लेकर आए है। जानकारी होने पर एक जुलाई को दोपहर 12 बजे अपनी ससुराल गई तो पति अरशद अंसारी और उसकी दूसरी पत्नी आफरीन अंसारी, जेठ अनीस अंसारी ,अफजाल अंसारी, ससुर हाजी अमीन अंसारी और भतीजा आरिज अंसारी ने भद्दी- भद्दी गाली दी। गला दबाकर उसे मारने का प्रयास किया गया। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने जान बचाई। जेठ ने उसके साथ अभद्रता भी की। सोने की चैन मोबाइल और अन्य सामान लेकर भगा दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं में आरोपियों पर केस दर्ज किया।