जिले में बृहस्पतिवार को हुई बारिश ने जहां एक तरफ उमस से राहत दी। वहीं दूसरी तरफ जगह-जगह जलजमाव से लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। नगर में बृहस्पवितार को एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इसके बाद कई जगहों पर जलजमाव हो गया। लोगों का आरोप था कि निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से नगर के कई अति पिछड़े वार्डों की सड़कें कीचड़ से पट गईं।
नगर पालिका भदोही की सीमा के विस्तार के बाद कई गांव नगर की सीमा में शामिल हुए हैं। वहां अब तक मूलभूत सुविधाएं मयस्सर नहीं हो सकी हैं। हल्की भी बारिश होती है तो जलजमाव और कीचड़ जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। बृहस्पतिवार की बारिश के बाद स्टेशन रोड, जल्लापुर, घमहांपुर, जलालपुर, आलमपुर, काशीपुर, छेड़ीबीर, बंधवा, नईबस्ती, काजीपुर, पीरखांपुर, जमुंद, बाजार सरदार खां, बाजार सलाबत खां आदि मोहल्लों में बारिश के कारण बहुत अधिक जलजमाव व कीचड़ की वजह से जर्जर सड़कें चलने लायक नहीं बची। सड़कों से होकर गुजरने वाले लोग किसी तरह बच-बचाकर गंतव्य की ओर रवाना होते दिखे। दूसरी तरफ बारिश के कारण जाहिदपुर प्राथमिक विद्यालय के पीछे के हिस्से की बाउंड्री गिर गई। गनीमत रहा कि बाउंड्री गिरने के समय विद्यालय में कोई नही था। अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी। दूसरी तरफ सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे प्रधानाध्यापक धीरेंद्र यादव ने क्षतिग्रस्त दीवार का जायजा लिया। पूर्व प्रधान सुरेंद्र यादव ने जिला विद्यालय निरीक्षक से सुरक्षा के लिए बाउंड्री का निर्माण कराने की मांग की है।