भदोही मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेंजेंटेटिव्स एसोसिएशन के सदस्यों ने सोमवार को कामकाज ठप कर भदोही स्टेशन पर प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि सरकार शत प्रतिशत विदेशी निवेश को हरी झंडी देकर भारतीय दवा कंपनियों की स्वायत्तता खत्म करना चाहती है। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने 10 सूत्री मांगपत्र और अपील लोगों को वितरित की। साथ ही 17 जुलाई को जिला मुख्यालय पर होने वाले प्रदर्शन की सफलता के लिए विचार विमर्श भी किया।
संगठन के अध्यक्ष अश्विनी कुमार दूबे ने कहा कि आवश्यक दवाओं पर ड्यूटी से दवाएं महंगी हो रही हैं जबकी नकली और मानक के विपरीत बन रहीं दवाओं की बिक्री पर सरकार चुप्पी साधे हुए है। कहा कि जेनरिक दवाओं के नाम पर कुछ कंपनियां मुनाफा वसूली में लगी हैं। प्रदर्शनकारियों ने गैर कानूनी दवा विपणन कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सदस्यों ने जिला मुख्यालय पर होने वाले प्रदर्शन की रणनीति तय करते हुए जिले भर से समस्त रिप्रेजेंटेटिव्स से भागीदारी करने की अपील की। प्रदर्शन करने वालों में देवेश राय, प्रवीन दूबे, निशांत गुप्ता, अनूप त्रिपाठी, वासुदेव मिश्र, पंकज केशरी, मनोज, सविता, शैलेश सिंह, अजित सिंह, जायेश तिवारी, पंकज मिश्र, शैलेश दूबे, अभिनव मौर्य, आशीष मालवीय, अमित सिंह, सर्वेश मिश्र, अशोक श्रीवास्तव, जेएन पाल, फैजल हुसैन, आशीष त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।