गोपीगंज। गंगा का जलस्तर स्थिर होने पर एक बार फिर घाटों से नि:शुल्क मोटर बोट का संचालन शुरु हो गया है। एक सप्ताह से बढ़ रहे जलस्तर को देखकर लोक निर्माण विभाग ने मोटर बोट के संचालन पर रोक लगा दी थी। इससे गंगा आर-पार होने वालों को अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा था। रविवार को रामपुर और धनतुलसी-डेंगुरपुर गंगा घाट से नि:शुल्क मोटर बोट का संचालन शुरू हो जाने से यात्रियों ने राहत की सांस ली। रामपुर गंगा घाट से यात्रा करने वाले मनोज कुमार ने बताया कि गंगा के जलस्तर में वृद्धि से मोटर बोट नहीं चल रहे थे। मामूली दूरी को तय करने में मिर्जापुर पक्का पुल का सहारा लेना पड़ता था। इससे 40 किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा था। आर्थिक नुकसान भी हो रहा था। यात्री जगमोहन, सुरेंद्र कुमार, नरेंद्र ने बताया कि दो माह पूर्व आई बाढ़ से तटवर्ती क्षेत्रों की स्थिति बिगड़ी थी और चार जिलों का आपसी सामंजस्य टूट गया था। मोटरबोट संचालन फिर बहाल हो जाने से राहत मिलेगी। अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग बीबी सिंह ने कहा कि गंगा के जलस्तर में कमी होने के बाद से नि:शुल्क मोटर बोट का संचालन शुरू करा दिया गया है। जब तक पीपा पुल का निर्माण नहीं होगा तब तक यात्रियों को आर-पार होने की सुविधा मिलती रहेगी।