संसद का मानसून सत्र बृहस्पतिवार को समाप्त हो गया है। 21 जुलाई से 21 अगस्त के बीच लगभग एक माह तक चले मानसून सत्र में भदोही के भाजपा सांसद की शत-प्रतिशत उपस्थिति रही।
संसद सत्र के दौरान सांसद ने लोकसभा में प्रत्यक्ष तौर पर कोई सवाल तो नहीं पूछे, लेकिन उन्होंने धारा 377 की शक्तियों की उपयोग करते हुए जनपद में कालीन बुनकरों के लिए ईएसआई अस्पताल खोने जाने की मांग रखी।
इस बार लोकसभा का मानसून सत्र 21 जुलाई को शुरू हुआ था। सत्र शुरू होने के बाद से ही भदोही के भाजपा सांसद लोकसभा में अपनी उपस्थिति बनाए रखे। इस बीच सात अगस्त को उन्होंने मानूसन सत्र के दौरान लोकसभा के नियम 377 के तहत भदोही में ईएसआईसी अस्पताल के निर्माण की मांग की। मांग में उन्होंने बताया कि भदोही क्षेत्र की वैश्विक स्तर पर पहचान कालीन के निर्माण और निर्यात के लिए जानी जाती है। लाखों की संख्या में श्रमिक भदोही परिक्षेत्र में कालीन कारोबार से जुड़े हैं।
यह एक ऐसा क्षेत्र है, जहां प्रत्येक घरों व गांव में कालीन की बुनाई के कार्य किए जाते हैं। भदोही को विशिष्ट निर्यात क्षेत्र का दर्जा भी प्राप्त है।
ऐसे में बड़ी संख्या में श्रमिकों को देखते हुए भदोही में ईएसआईसी अस्पताल का निर्माण अति आवश्यक है।
अस्पताल के बनने से लाखों कामगारों का इलाज निशुल्क होगा और उनकी आर्थिक स्थिति में बदलाव होगा। सांसद ने बताया कि मानसून सत्र का अनुभव काफी शानदार रहा।