औराई के तिऊरी गांव में सिक्सलेन के अंडरपास के नीचे जलजमाव में अंडे बेचता दुकानदार।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। अबकी बार जिले में मानसून मेहरबान है। रविवार को भोर से सुबह आठ बजे तक तीन घंटे तक रुक-रुककर हुई बारिश से कई स्थानों पर सड़कें ताल-तलैया हो गई। ग्रामीण अंचलों में कीचड़युक्त सड़कों पर चलना मुश्किल हो चुका है। ओवरब्रिज और अंडरपास के नीचे हालत बद से बदतर हो चुकी है। अब तक सामान्य से तीन गुना अधिक बारिश हो चुकी है। ऐसे में धान की खेती के लिए अच्छे संकेत मिल रहे हैं।
जिले में जून के शुरूआती दिनों से ही मानसून ने दस्तक दे दी। रुक-रुककर हो रही बारिश के साथ ही आसमान में बादल बने हुए हैं। जिससे हर रोज एक से दो घंटे बारिश हो रही है। जल निकासी की सुविधा न होने से ग्रामीण सड़कों पर जलभराव हो चुका है। हाईवे पर औराई, महराजगंज समेत आसपास के क्षेत्रों में बने अंडरपास और ओवरब्रिज के नीचे पानी निकासी की सुविधा न होने से दो फीट तक पानी भर गया है। इससे आए दिन साइकिल और बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे।
जीटी रोड महाराजगंज से चकापुर, डेहरिया, हथियाल, दयालपुर, मुक्तापुर और अद्नपुर आजाने वाले रास्ते भी पानी में डूब चुके हैं। पानी निकासी न होने से औराई - भदोही मार्ग भी कई स्थानों पर धंसना शुरू हो गया है। सर्रोई, बभनौटी बाजार में आज तक डिवाइडर न बनने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कार्यदायी संस्था की ओर से ठोस कदम न उठाए जाने से बाजार के लोगों में नाराजगी है। उप निदेशक कृषि अरविंद सिंह ने बताया कि 28 जून तक 78.8 मिमी सामान्य बारिश होती है लेकिन इस बार मानसून मेहरबान होने से अब तक 229 मिमी बारिश हो चुकी है। उन्होंने कहा कि तीन गुना से अधिक बारिश हो चुकी है। मानसून ऐसे ही रहा तो धान की पैैदावार अच्छी होगी। जिन किसानों की नर्सरी तैयार हो चुकी है वह रोपाई कर दें।