प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जापानी प्रधानमंत्री के वाराणसी आगमन के मद्देनजर यहां चल रहे सड़क चौड़ीकरण के कार्य को दो दिनों के लिए रोक दिया गया है।
सड़क खुदाई के चलते बार-बार बीएसएनएल का केबल कटने को लेकर प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान होने वाली किरकिरी से बचने के लिए खुदाई कार्य रोकने के विभागीय आग्रह पर जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु ने सड़क खुदाई का कार्य रोकने का निर्देश दे दिया है।
जिला मुख्यालय को मुख्य मार्ग से जोड़ने की योजना के तहत चल रहे ज्ञानपुर-गोपीगंज मार्ग के चौड़ीकरण के लिए पिछले तीन दिनों से सड़क के किनारे खोदाई की जा रही है।
इस दौरान प्रशासन का बुलडोजर अतिक्रमण भी हटाते हुए आगे बढ़ रहा था। इस कार्य में बीएसएनएल का केबल कटने से लैंडलाइन और ब्रॉडबैंड सेवा पूरी तरह बेपटरी हो गई।
बीएसएनएल के कर्मचारी बिगड़ी हुई लाइन को बनाने में जुटे रहे, लेकिन लोगों को राहत नहीं मिली। पिछले तीन दिनों से नगर के सैकड़ों फोन और ब्रॉडबैंड कनेक्शन खामोश हैं।
इस बीच 12 दिसंबर को प्रधानमंत्री मोदी और शिंजो अबे की वाराणसी यात्रा का कार्यक्रम बन गया। इस दौरान किसी तरह की समस्या खड़ी न हो, इसके लिए शुक्रवार को बीएसएनएल के वाराणसी डीजीएम ने जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु ने काम रोकने का आग्रह किया।