ज्ञानपुर। जिले के चककिशुनदास गांव में आधुनिक सुविधाओं वाला अस्पताल बनेगा। इसमें आर्थिक रूप से कमजोर लोगों का नि:शुल्क उपचार होगा। ब्रह्मर्षि मिशन सेवा ट्रस्ट की ओर से शनिवार को विराट हेल्थ केयर सेंटर की आधारशिला रखी गई। स्वामी दिनेश्वरानंद ने भूमिपूजन कराया। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट की ओर से बनने वाला अस्पताल सभी सुविधाओं से लैस रहेगा। सीटी स्कैन, ईसीजी समेत अन्य जांच की सुविधाएं होंगी। देश ही नहीं विदेशी चिकित्सक समय-समय पर यहां आएंगे। अस्पताल संचालन में कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए संत ही देखरेख करेंगे। बताया कि अस्पताल में गरीब तबके के लोगों की नि:शुल्क जांच की जाएगी और सुविधाएं मिलेंगी। अस्पताल की लागत तय नहीं है, लेकिन दो से ढाई करोड़ तक खर्च हो सकते हैं। इस मौके पर संत आनंद स्वरूप पांडेय, नंदलाल राय, विशेश्वर पांडेय, शंकर पांडेय, मुन्नू, सुरेश मिश्रा आदि रहे।