भदोही। नगर के रजपुरा स्थित बीडा मार्ट में 53.30 लाख रुपये से आधुनिक फायर फाइटिंग व पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाया जाएगा। भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) की ओर से इसको लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे बीडा मार्ट में किसी भी तरह के हादसे से बचा जा सकेगा।
भदोही के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। अमर उजाला ने भदोही नगर स्थित बीडा मार्ट और निर्यात भवन में फायर फाइटिंग सिस्टम न होने को लेकर खबर प्रकाशित की थी। जिसको लेकर अब बीडा मार्ट में फायर फाइटिंग के साथ पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। शासन की मंशा के अनुरूप बीडा मार्ट के कायाकल्प को 53.30 लाख रुपये से यह कार्य होंगे। मार्ट को आधुनिक फायर फाइटिंग, अलार्म सिस्टम व पब्लिक एड्रेस सिस्टम से लैस किया जाएगा। बीडा की ओर से इसको लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रजपुरा स्थित तीन मंजिला बीडा मार्ट में 130 दुकानें है। इसके अलावा सात बड़े हॉल हैं। जहां बड़े आयोजकों को किराये पर दिया जाएगा। इसी में 53.30 लाख रुपये से आधुनिक फायर फाइटिंग व पब्लिक एड्रेस की सिस्टम लगाया जाएगा। बीडा के अधिशासी अभियंता आरडी भारती ने बताया कि बीडा मार्ट में 53.30 लाख से आधुनिक फायर फाइटिंग व पब्लिक एड्रेस सिस्टम को लेकर निविदा जारी हो चुकी है। जल्द ही कार्यदायी संस्था को पहचान कर कार्य कराया जाएगा।