बेल आउट पैकेज के लिए डीएम को ज्ञापन देते भदोही के सपा विधायक जाहिद बेग। स्रोत स्वयं
ज्ञानपुर। भारतीय हस्तनिर्मित कालीन उद्योग अमेरिकी टैरिफ के प्रभावों से बचाने के लिए भदोही विधायक जाहिद बेग ने बेलआउट पैकेज की मांग की है। उन्होंने सोमवार को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। कहा कि सरकार का सहयोग नहीं मिलेगा तो कालीन कारोबार को काफी नुकसान होगा। लाखों लोग बेरोजगार हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि भदोही की कालीनें विश्व प्रसिद्ध हैं। यहां बिना किसी मशीन के उपयोग के हस्तकला से ही इनका निर्माण किया जाता है। इससे पूरे देश का निर्यात 17 हजार करोड़ का है। इसमें भदोही की भागीदारी 60 फीसदी से अधिक है। कारोबार से 28 से 30 लाख लोग जुड़े हैं। इनमें 25 फीसदी महिलाएं काम करती हैं। देश के कुल उत्पादन एवं निर्यात का 60 फीसदी उत्पाद अमेरिका जाता है। अमेरिका के 50 प्रतिशत टैरिफ का असर कालीन उद्योग पर सबसे ज्यादा पड़ सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की है कि विश्व व्यापार संगठन की अध्यक्षता में वार्ता कर टैरिफ को कम किया जाए। कालीन निर्यातकों को 25 प्रतिशत तक के बेल आउट पैकेज से आर्थिक सहायता दी जाए। हस्तनिर्मित कालीन निर्माण में तीन महीने तक का औसत समय लगता है। भुगतान की समय-सीमा तय करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अगर बेल आउट पैकेज नहीं मिला तो वह आठ सितंबर को जंतर-मंतर में धरना देंगे।