थाना क्षेत्र के केड़वरिया मोहल्ले में बुधवार की रात शरारती तत्वों ने दो गुमटियों में आग लगा दी। इससे गुमटी में रखे लगभग एक लाख रुपये के सामान जलकर नष्ट हो गया। सुबह मोहल्ले के लोगों इसकी सूचना गुमटी मालिक को दी। गुमटी मालिक हजारों का नुकसान देख परेशान हो गया। सूचना पर पुलिस ने मौका-मुआयना किया। पीड़ितों से तहरीर लेकर पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी हुई है।
तिलंगा गांव निवासी विनोद शर्मा की केड़वरिया मोहल्ले में सैलून की दूकान है, जबकि भगवतपुर निवासी वसीम अहमद की भी विनोद की दूकान से सटी अंडे की दूकान है। दोनों ही दूकानें गुमटियों में थी, रोज की भांति मंगलवार की शाम को दोनों दूकानदार दूकान बंद करके अपने-अपने घर चले गए। बुुधवार की सुबह उन्हें किसी ने दूकान में आग लगने की जानकारी दी।
जब मौके पर जाकर देखा तो गुमटी समेत दूकान में रखे सभी सामान जलकर नष्ट हो गए। माना जा रहा है कि किसी शरारती तत्व ने उनकी गुमटी को आग के हवाले कर दिया था। नाई की दूकान का डेकोरेशन, अंडे की दूकान में रखे सामान नष्ट थे। दोनों दूकान दारों ने इसकी सूचना पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। पर्व के दिन रोजी-रोटी का जरिया ही नष्ट होने से दोनों होली पर भी गम में डूबे रहे। तहरीर लेकर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।