ज्ञानपुर जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए धूप में खड़े प्रवासी।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। लॉकडाउन में बुधवार को छह बसों से प्रवासी भदोही पहुंचे। गुजरात से आए प्रवासियों का जिला अस्पताल, एमबीएस भदोही और सीएचसी औराई में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। 20 को सर्दी-बुखार का लक्षण मिलने पर क्वारंटीन किया गया, जबकि शेष को घर में ही क्वारंटीन रहने के लिए निर्देशित किया गया।
कोरोना वायरस के कारण डेढ़ माह से देश लॉकडाउन है। तीसरे चरण के लॉकडाउन में राहत मिलने पर ट्रेनों से मजदूरों को घर भेजा जा रहा है। बुधवार को प्रयागराज स्टेशन पर उतरने के बाद छह बसों से प्रवासी मजदूरों को जिले में लाया गया। ज्ञानपुर जिला अस्पताल में तीन बसों से आए 157 प्रवासियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। भदोही में 73 जबकि औराई सीएचसी में 30 का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। तीनों स्थानों पर 20 प्रवासियों में बुखार और सर्दी की शिकायत मिली जबकि अन्य की स्थिति ठीक मिली। 20 प्रवासियों को संबंधित शेल्टर होम में क्वारंटीन किया गया। जिला अस्पताल के मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक पारासर ने बताया कि अस्पताल में कुल 210 प्रवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 157 गुजरात के प्रवासी रहे। इसके पूर्व जिला अस्पताल में सुबह से ही प्रवासियों की लंबी कतार लग गई। एसडीएम भदोही आशीष मिश्र ने कहा कि जिनकी तबियत ठीक नहीं है, उन्हें क्वारंटीन किया जा रहा। जिनका स्वास्थ्य बेहतर है उन्हें घर भेजकर 14 दिन एकांत में रहने की हिदायत दी गई।