ज्ञानपुर/ऊंज। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच दिल्ली और मुंबई से घर आ रहे प्रवासी भी ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रहे हैं। रेलवे स्टेशन पर समुचित जांच की व्यवस्था न होने और बिना जांच कराए बड़ी संख्या में प्रवासी घर पहुंच रहे हैं। कुछ लोगों की तबियत खराब होने के बाद भी वह न तो जांच करा रहे और न ही क्वारंटीन हो रहे। इसको लेकर ग्रामीण भयभीत हैं।
कोरोना की दूसरी लहर काफी घातक हो चुकी है। जिले में हर रोज बढ़ी संख्या में संक्रमित मिल रहे हैं। शादी-विवाह का सीजन होने के साथ ही मुंबई और दिल्ली में कुछ दिनों का लॉकडाउन भी लग गया है। जिससे महानगरों से आने वाली ट्रेनों से प्रवासी घर लौट रहे हैं। जिले के अलग-अलग गांवों मेें हर रोज दो से तीन प्रवासी पहुंच रहे हैं। ज्ञानपुर रोड, सुरियावां, मोढ़ और भदोही स्टेशन पर कोविड जांच की सुविधा भी कम है। कुछ प्रवासी तो जांच के डर से आउटर पर ही उतरकर घर के लिए निकल जा रहे हैं। जिससे ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ रही है। डीघ सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गुलाब शंकर यादव ने आने वाले प्रवासियों से आग्रह किया कि कोविड जांच अवश्य कराएं। जांच न कराने पर वह 14 दिनों तक घर पर क्वारंटीन रहें। उन्होंने सुझाव दिया कि कि गिलोय, तुलसी, काली मिर्च, नीम की पत्ती का अर्क बनाकर सुबह शाम सेवन करें। जिससे रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी।