ज्ञानपुर। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ प्रदर्शन कर कार्रवाई के लिए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम ज्ञानप्रकाश यादव को सौंपा।
जिलाध्यक्ष इलियास अहमद के नेतृत्व में मुख्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 29 दिसंबर 2020 को मध्यप्रदेश के मंदसौर में सुनियोजित ढंग से रैली निकालकर धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ की गई और नारे लगाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया। मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार है और केंद्र में भी। बावजूद इसके सरकार माहौल बिगाड़ने वालों पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। केंद्र सरकार ने यदि मंदसौर में सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाया तो आगे की रणनीति बनाई जाएगी। इस मौके पर वसीम अंसारी, जफर खान, पं. दीनानाथ दुबे, राजाराम दुबे, नाजिम अली, अली हुसैन, राजेश यादव, मसूद आलम, पवन प्रताप, अफसर हाशमी रहे।