ज्ञानपुर। ठंड में बढ़ी चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस ने भदोही और गोपीगंज कोतवाली के 94 अभियुक्तों का सत्यापन किया। इसमें गोपीगंज पुलिस ने 51 व भदोही पुलिस 43 चोरों का सत्यापन किया है। भदोही में अपराध करने वाले अन्य प्रांतों के नौ और गैर जनपदों के 114 अभियुक्तों का चिह्नित करके उनका सत्यापन कर रही है। टीम ने इस दौरान लोगों को जागरूक भी किया। इससे चोरी की घटनाओं को कम किया जा सके।
चोरों ने बीते एक महीने में 20 से 25 चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। इस पर लगाम लगाने के लिए एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने जिले के हर थानों के चोरों का रिकॉर्ड तलाशने के निर्देश दिए हैं। इसके आधार पर अलग-अलग थानों में चोरी के मुकदमों में वांछित अभियुक्तों का सत्यापन किया जा रहा है।
एसपी ने चोरी के मुकदमों में वांछित गैर जनपद व प्रांतों के एसपी के पत्र लिखकर संबंधित चोरों के अपराधिक रिकॉर्ड को तलाशने का प्रयास किया है। गांवों व कस्बों में पहुंचकर पुलिस टीम लोगों को जागरूक कर रही है।
उन्हें स्पष्ट रूप से यह निर्देशित कर रही है कि किसी आवश्यक काम से अगर घर से बाहर जा रहे हैं तो संबंधित थानों की पुलिस को सूचित कर दें। जिससे विशेष नजर रखी जा सके।