फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मटियारी के ग्रामीणों ने रोक दी ट्रेन 

Thu, 28 Jul 2016 01:52 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो , भदोही
विज्ञापन
विज्ञापन
 इतनी बड़ी घटना के दो दिन बाद भी स्कूल प्रबंधन की ओर से बच्चों के परिवारीजनों की सुध न लेने और प्रशासन की ओर से ऐसे स्कूली वाहनों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं किए जाने के विरोध में बुधवार को मटियारी के ग्रामीणों ने ट्रेन रोक दी। कैयरमऊ रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचे ग्रामीणों ने इलाहाबाद से वाराणसी जा रही पैसेंजर को रोककर जिंदाबाद-मुर्दाबाद के नारे लगाए। 
विज्ञापन

इलाहाबाद से वाराणसी जा रही 55126 इलाहाबाद-वाराणसी पैसेंजर सुबह 9:02 बजे माधोसिंह स्टेशन से कटका के लिए खुली। स्टेशन से थोड़ा ही आगे बढ़ी थी कि ग्रामीण रेलवे ट्रैक पर खड़े हो गए। दुर्घटना के बाद कैयरमऊ रेलवे क्रॉसिंग पर गेटमैन के लिए आवास बनाने का काम शुरू होने के कारण सभी ट्रेनों को कॉशन पर बेहद धीमी गति से गुजारा जा रहा है। इस नाते ट्रेने धीमी गति में थी। इसी बीच ग्रामीण रेलवे लाइन पर खड़े हो गए। यह देख चालक ने ट्रेन को तकरीबन 50 मीटर पहले ही खड़ा कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विद्यालय प्रबंधन की तरफ से कोई भी आदमी घटनास्थल पर तो दूर हताहत बच्चों के परिवारीजनों की सुध लेने भी नहीं पहुंचा। कहा कि प्रशासन ने ऐसे स्कूली वाहनों के खिलाफ न तो अब तक कोई जांच अभियान चलाया ना ही पकड़ा। इस दौरान लगभग आधे घंटे तक ट्रेन खड़ी रही। इसकी जानकारी मिलते ही माधोसिंह स्टेशन अधीक्षक उमाकांत तिवारी ने कंट्रोल रूम को सूचना देने के साथ ही औराई थाने को बताया। तब तक मौके पर गांव के कई संभ्रांत लोग पहुंच गए और हंगामा कर रहे युवकों को समझाया। तब जाकर लोगों ने ट्रैक खाली कर दिया। इसके बाद 9:45 बजे गाड़ी कटका स्टेशन पहुंची। जबकि सामान्य दिनों में माधोसिंह से कटका पहुंचने में इस ट्रेन को केवल 12 मिनट लगते हैं। उधर रेल लाइन जाम करने की सूचना मिलते ही औराई सीओ सुनील कुमार और एसओ सत्येंद्र यादव मौके पर पहुंच गए। तब तक ग्रामीण रेलवे लाइन से हट चुके थे। थोड़ी ही देर में एसडीएम केशवनाथ और तहसीलदार शिवप्रसाद पांडेय भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को चेतावनी दी कि कानून को हाथ में न लें। अभी तक शासन, प्रशासन सभी की सहानुभूति ग्रामीणों के साथ है। ग्रामीण कुछ ऐसी हरकत न करें कि यह सहानुभूति खत्म हो जाए। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें