पुलिस, मर्डर, क्राइम, पनकी पावर हाउस, कानपुर
- फोटो : self
राजस्थान से मार्बल लादकर कोलकाता के लिए निकले ट्रेलर मालिक की गोपीगंज में हत्या कर उसकी जेब से 17 हजार रुपये लूट लिए गए। वह ट्रेलर खुद चला रहा था। शुक्रवार को सुबह जीटी रोड पर गोपीगंज थानाक्षेत्र के पर्वतपुर गांव में एक गेहूं के खेत में उसकी लाश मिलने के बाद सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में शरीर पर छह स्थानों पर गंभीर चोट मिले हैं।
राजस्थान के जयपुर जिले के नरैना दूदू निवासी सूरजमल चौधरी (35) पुत्र माधोरामजी ट्रेलर आरजे 47 जीए 0521 पर राजस्थान से मार्बल लादकर कोलकाता के लिए चला था। उसके साथ चार साथी और अपने-अपने ट्रेलर पर मार्बल लेकर निकले थे। बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े 12 बजे जिले की ऊंज सीमा पर स्थित एक ढाबा पर सभी रुक गए। लेकिन, सूरजमल वहां नहीं रुका और चंदौली में रुकने की बात कहकर आगे बढ़ गया। इस बीच गोपीगंज थानाक्षेत्र के पर्वतपुर गांव के समीप रहस्यमय परिस्थितियों में पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई। सुबह साथी ट्रेलर चालक जब कोलकाता जाने के लिए निकले तो सूरजमल का ट्रक पर्वतपुर स्थित राजमार्ग पर खड़ा देखकर रुक गए। साथियों ने पुलिस को सूचना दी और सूरजमल की पहचान और सारी बातें बताई।
घटनास्थल पर गेहूं के खेत में सहजन के पेड़ के तीन-चार डंडे और एक टॉर्च भी मिला। साथियों ने बताया कि सूरजमल के पास लगभग 17000 रुपये और मोबाइल भी थे, जो नहीं मिले। पुलिस अधीक्षक डीपीएन पांडेय ने बताया कि हत्या का मामला है। जांच के लिए क्राइम ब्रांच की टीम लगा दी गई है। उन्होंने आशंका जताई कि यह आशनाई या छिनैती का मामला हो सकता है। घटनास्थल पर गेहूं की तहस-नहस हुई फसल को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा था कि जान बचाने के लिए उसने काफी जद्दोजहद की है। पुलिस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा लिखकर छानबीन में जुट गई है। बता दें कि मतदान के दिन आठ मार्च को अमवा बाजार में मंदिर के पीछे युवक का शव मिला था, जिसकी शिना़ख्त अब तक नहीं हो सकी है।