धूल भरी आंधी से लोग बेहाल हो गए। दिन भर आसमान से जहां शोले बरसते रहे वहीं शाम को हल्की बूंदाबांदी से लोगों को मामूली राहत मिली।
पिछले एक माह से पड़ रही भीषण गर्मी सोमवार को भी जारी रही। सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक गमी और लू से लोग परेशान रहे। शाम करीब पांच बजे अचानक आसमान में काले बादल छाने लगे।
वायुमंडल में धूल भरी आंधी का गुबार दिखने लगा। अचानक मौसम बदलने से लोग परेशान हो गए। शाम करीब छह बजे हल्की बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलने लगी।
धूल के गुबार से लोग बेहाल हो गए। लोग सड़क से भागकर घरों में घुस गए। करीब पंद्रह मिनट से अधिक समय तक चली तेज हवाओं से लखनों में आम के दो पेड़, जोरई में एक पेड़ धराशायी हो गया।
इसी तरह ज्ञानपुर के पुरानी बाजार, जंगीगंज के धनतुलसी मोड़ पर गुमटी पर रखा टीनशेड उड़ गया। तेज आंधी से केशवपुर सरपतहां निवासी तीर्थनाथ शुक्ला के मकान पर एक पेड़ गिर गया। इससे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शाम को हल्की बूंदाबांदी होने से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को मामूली राहत मिली।