पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने बताया कि जमील का उसके भाई नौशाद से अक्सर विवाद होता रहता था। इसी को लेकर यह वारदात हुई है। बताया कि आरोपी भाई और उसकी मां फरार हैं। घर में कोई है नहीं जो विवाद की वजह बता सके। मामले की जांच की जा रही है। उधर, जमील के साले रिजवान ने नौशाद, उसकी मां और नौशाद के बहन-बहनोई के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
भदोही के कसाई टोला मोहल्ले में रविवार को भाई ने अपने ही भाई और भाभी को मौत के घाट उतारे जाने की घटना में आरोपी नौशाद के साथ उसकी मां भी फरार है। मृतक जमील के साले वाराणसी निवासी रिजवान ने आरोप लगाया कि घटना के लिए केवल नौशाद ही नहीं बल्कि नौशाद की मां और बहन और बहनोई भी जिम्मेदार हैं।
शादी के बाद से ही उसकी बहन से चिढ़ते थे और जमील पर पत्नी को छोड़ने का दबाव बनाते रहते थे। रिजवान ने तो यहां तक कहा कि नौशाद जब घटना को अंजाम दे रहा था तो मोहल्ले वाले दर्शक की तरह देख रहे थे।
पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह ने बताया कि घटना का कारण बताने के लिए घर में कोई नहीं बचा है। नौशाद और उसकी मां फरार हैं जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके लिए पुलिस टीम बनाने के लिए निर्देश सीओ प्रयांक जैन को दिए गए हैं।
उन्होंने इतना जरूर बताया कि उनका वर्षों से घरेलू विवाद चल रहा था हालांकि मामला अब तक पुलिस के संज्ञान में नहीं लाया गया था। उन्होंने शीघ्र आरोपियों को गिरफ्तार कर लेने का भरोसा दिलाया। उधर मृतक जमील का साला रिजवान घटना की जानकारी होते ही भदोही पहुंच गया।
रिजवान ने तो कहा कि मोहल्ले के लोगों ने हस्तक्षेप किया होता ऐसी जघन्य घटना न होती। बकौल रिजवान उसके बहन रूबी का विवाह जमील से वर्ष 2018 में हुआ था। तभी से जमील के घर वाले शादी से नाराज थे और उसके बहनोई और बहन को हमेशा प्रताड़ित करते थे। जमील के बहन-बहनोई भी घटना के सूत्रधार हैं।
वे जमील पर पत्नी को छोड़ देने के लिए दबाव बनाते आ रहे थे। इस क्रम में कई बार ऐसा हुआ जब उसके बहन-बहनोई कई-कई महीनों के लिए वाराणसी मायके में आकर रहे थे। बताया कि एक बार पुलिस में शिकायत भी की गई थी लेकिन तब आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए समझौता कर लिया था। मृतक जमील के साले ने नौशाद, उसकी मां और नौशाद के बहन-बहनोई के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।