केशव प्रसाद राल्ही पी.जी. कॉलेज की कार्यशाला में बैठे छात्र-छात्राएं। स्रोत कॉलेज
- फोटो : संवाद
महराजगंज। केशव प्रसाद राल्ही पीजी कॉलेज में शुक्रवार को राष्ट्रीय वित्तीय शिक्षा केंद्र की ओर से एक दिवसीय वित्तीय जागरूकता एवं उपभोक्ता प्रशिक्षण शिविर का आयोजन हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं को वित्तीय प्रबंधन और सुरक्षित निवेश के प्रति जागरूक किया। मुख्य अतिथि व उपप्राचार्य डॉ. कुलदीप पांडेय ने वित्तीय अनुशासन पर जोर दिया। कहा कि छात्रों को अपने भविष्य को ध्यान में रखकर बजट व निवेश की योजना आज से ही बनानी चाहिए, ताकि वे एक आर्थिक रूप से सुरक्षित जीवन जी सकें।
विशिष्ट वक्ता डॉ. दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि तीव्र बाजारीकरण के युग में हर युवा को केवल उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि एक वित्तीय जागरूक उपभोक्ता के रूप में स्वयं को स्थापित करने की आवश्यकता है। बिना वित्तीय साक्षरता के बेहतर भविष्य की कल्पना कठिन है। छात्रों को अपनी आय और व्यय के बीच संतुलन बनाने के लिए अभी से बजट निर्माण की कला सीखनी चाहिए। अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. आलोक त्रिपाठी ने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ आर्थिक कौशल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होता है। प्रशासनिक अधिकारी ई. प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने सभी का स्वागत किया।