ज्ञानपुर/गोपीगंज। शिव उपासना का महापर्व महाशिवरात्रि शुक्रवार को मनाई जाएगी। इसके निमित्त शिवालय और अन्य मंदिरों को सजा-संवार दिया गया है। कई संगठनों और युवाओं की टोली ने शिवरात्रि के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रयास तेज कर दिया है। जगह-जगह मंदिरों को रंग-रोगन कर सजा दिया गया।
गोपीगंज में शुक्रवार को संपन्न होने वाले महापर्व महाशिवरात्रि पर गोपीगंज नगर में कड़ी सुरक्षा रहेगी और निकलने वाले जुलूस, झांकी, शोभायात्रा, शिव बारात के रास्ते का खाका क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर कालू सिंह ने मातहतों के साथ संपन्न हुई शांति समिति की बैठक में तैयार की। उपस्थित रहे व्यापारियों, सभ्रांतजनों से पर्व पर शांति व्यवस्था कायम रखने का आह्वान किया। नगर पालिका परिषद की ओर से रोड पर साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था कराने का आश्वासन देते हुए बताया कि जुलूस राजमार्ग से अल्प समय में बढ़ाया जाएगा यदि उस दौरान कोई भी कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करता है तो पुलिस की नजर रहेगी। पीएसी बल के साथ-साथ महिला-पुरुष पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। इस मौके पर कोतवाल केके राय, चौकी इंचार्ज दयाशंकर ओझा, श्रीकांत जायसवाल, सिराज अख्तर, दीपक मोदनवाल, अमित जायसवाल, सभासद शिवशंकर गुप्ता, मोहित, मटरु यादव, शिव बारात संचालक रामकृष्ण खट्टू सहित काफी संख्या में लोग रहे। इसी तरह थाना कोइरौना, ऊंज, चौरी, औराई, दुर्गागंज, सुरियावां, चौरी में बैठक संपन्न कर लोगों से महाशिवरात्रि पर शांति व्यवस्था कायम रखने पर बल दिया।