प्रयागराज महाकुंभ का विशेष स्नानों में शामिल माघी पूर्णिमा स्नान बुधवार यानी आज है। मंगलवार को 23 हजार के करीब वाहन प्रयागराज पहुंचे। वहीं लगभग 22 हजार वाहन वहां से लौटे हैं। पूरे दिन हाईवे पर आवागमन सामान्य रहा।
महाकुंभ को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कोई सात समंदर पार से तो कोई हजारों किमी की यात्रा बाइक से ही तय कर महाकुंभ में पहुंचा है। इस बीच जिलाधिकारी विशाल सिंह और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने हाईवे के एक-एक पॉइंट का निरीक्षण किया।
प्रयागराज महाकुंभ का वैभव देश से लेकर विदेश तक के श्रद्धालुओं को संगम नगरी की तरफ खिंच रहा है। 144 साल बाद विशेष मुहूर्त में लग रहे इस महाकुंभ में हर कोई डुबकी लगाने को आतुर है।
प्रयागराज की सीमा से सटे भदोही में भी महाकुंभ का वैभव देखने को मिल रहा है। स्थिति यह है कि हाईवे पर जगह-जगह श्रद्धालुओं का जमावड़ा दिख रहा है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मंगलवार को दिनभर आवागमन सामान्य बना रहा। आने-जाने वाले वाहनों की संख्या लगभग बराबर रही। जगह-जगह तैनात पुलिस की टीम लगातार हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।