Bhadohi News : हादसे की सूचना पाकर मौके पर औराई कोतवाली की पुलिस भी पहुंच गई। घायल युवक को सीएचसी पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया। दिवाली के पहले हुई इस घटना से परिजनों के साथ पड़ोसी भी मर्माहत दिखे।
भदोही के औराई कोतवाली क्षेत्र के औराई-मिर्जापुर मार्ग पर सहसेपुर के पास एक बाइक सवार की मैजिक में टक्कर होने मौत हो गई। बाइक सवार मिर्जापुर के सिखड़ भिस्कुरी निवासी था। वह मछली का व्यापार करता था। शनिवार की सुबह वह महराजगंज बाजार से मछली लेकर जा रहा था।
विज्ञापन
मिर्जापुर जिले के सिखड़ भिस्कुरी निवासी बाबूलाल पुत्र रमेश सोनकर (26) मछली का व्यापार करता था। शनिवार की दोपहर वह महाराजगंज क्षेत्र से मछली खरीद कर मिर्जापुर अपने फूफा के यहां जा रहा था। अभी वह औराई-मिर्जापुर मार्ग के सहसेपुर गांव के सामने पहुंचा ही था कि सामने से आ रही एक मैजिक की चपेट में आ गया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन
सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि बाबूलाल अपने पिता का इकलौता लड़का था, अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। मिर्जापुर जिले के लोहिया तालाब निवासी अपने फूफा रमेश चंद्र के यहां रहकर ही व्यापार करता था।
बाबूलाल की मौत की खबर सुनकर परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई पहुंचे और दहाड़े मार कर रोने लगे। पुलिस ने बाबूलाल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, मौका देखकर मैजिक चालक भाग गया। वहीं पुलिस मैजिक को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है।