प्रयागराज में आयोजित माघ मेले में स्नान करने के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य सड़क परिवहन निगम की तरफ से माघ मेले के प्रमुख स्नान पर्व वाले दिन मेला स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। इसमें पहले और तीसरे चरण में 15 और दूसरे चरण में 25 बसें चलेंगी। यह बसें झूंसी तक जाएंगी। बस चलने से 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी।
जिले के ज्ञानपुर, भदोही और औराई में रोडवेज बस स्टेशन हैं। ज्ञानपुर और भदोही में गिनी-चुनी बसें ही वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर के लिए चलती हैं। माघ मेले में ट्रेनों के अलावा निजी साधनों से ही लोग स्नान करने जाते हैं। जनवरी में शुरू होने वाले मेले के दाैरान इस बार रोडवेज निगम ने भदोही से स्पेशल बसें चलाने का निर्णय लिया है। सभी बसें स्नान पर्व के दिन चलेंगी। तीन जनवरी को पौष पूर्णिमा, 15 जनवरी को मकर संक्रांति, 18 जनवरी को मौनी अमावस्या, 23 जनवरी को वसंत पंचमी, एक फरवरी को माघी पूर्णिमा और 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाएंगे। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए परिवहन निगम की तरफ से बस की व्यवस्था की गई है। पहले चरण में एक से 13 जनवरी के मध्य पड़ने वाले स्नान पर्व पर ज्ञानपुर से पांच, भदोही से 10, दूसरे चरण में 14 से 24 जनवरी तक ज्ञानपुर से 10 और भदोही से 15 और 31 जनवरी से 16 फरवरी तक तृतीय चरण में ज्ञानपुर से पांच और भदोही से 10 बसें भेजी जाएंगी। यह बसें वाराणसी और जौनपुर डिपो से भदोही, ज्ञानपुर आकर झूंसी जाएंगी। रोडवेज बस चलने से जिले के 15 से 20 हजार श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। क्षेत्रीय प्रबंधक वाराणसी डिपो परशुराम पांडेय ने बताया कि माघ मेले के लिए सभी जिले के लिए बसों को आरक्षित किया गया है। बसों की देखरेख एवं अन्य सुविधाएं देखने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।