ज्ञानपुर। जिले में चार अधीक्षक के तबादले के बाद जल्द ही लैब टेक्निशियन (एलटी) व लैब असिस्टेंट (एलए) के कार्यक्षेत्र में भी फेरबदल होगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक ही स्वास्थ्य केंद्रों पर बीते पांच साल से बैठे एलटी, एलए का जल्द ही स्थानांतरण किया जाएगा। जिले भर में करीब 25 एलटी, 35 एलए की तैनाती विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर है, जो लैब में जांच करते हैं। इसकी जांच के आधार पर डॉक्टर मरीज को दवा देते हैं।
जिले के छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 60 एलटी, एलए तैनात हैं। इसमें 25 लैब टेक्नीशियन (एलटी), 35 असिस्टेंट लैब टेक्नीशियन (एलए) हैं। जिले में ऐसे दर्जनों एलटी ऐसे हैं, जो कोविड काल से ही एक स्थान पर जमे हैं। ऐसे कर्मचारियों की शिकायत केंद्र प्रभारी को नियमित मिलती है।
बताया जाता है कि ये केंद्र पर गुटबाजी भी करते हैं। काम कम लोकल राजनीति को ज्यादा तवज्जो दी जाती है। इसकी शिकायत विभाग के उच्चाधिकारी को मिलती है, लेकिन अभी इनपर कार्रवाई नहीं हो सकी है। मंगलवार शाम को सीएमओ डॉ. एसके चक के निर्देश पर गोपीगंज, डीघ, सुरियावां, अभोली के अधीक्षक बदले गए। इसके बाद सीएमओ ने विभाग को निर्देशित किया गया कि एक स्थान पर जो एलटी व एलए पांच साल से तैनात हैं। उनकी सूची तैयार की जाएगी। इसकी सूचना मिलते ही एलटी व एलए में खलबली मच गई है।