ज्ञानपुर। शौर्य दिवस व जुमे की नमाज एक साथ होने पर जिले की पुलिस अलर्ट मोड में है। पुलिस टीम ने जिले भर के धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों को चेक करने के साथ-साथ कुछ जगहों पर मानक के अनुरूप न मिलने पर लाउडस्पीकरों को हटवाए भी गए। पुलिस टीम ने जिले के सभी संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। एसपी ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किये जाने का निर्देश दिया है। जिले में छह दिसंबर को हिन्दू संगठन जहां शौर्य दिवस मनाए जाने की तैयारी में है। वहीं शुक्रवार होने के कारण जुमे की नमाज भी होनी है। ऐसे में जिले में शांति व्यवस्था कायम रहे। इसको लेकर पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। खासकर सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट को लेकर एसपी ने सख्त रूख अख्तियार करने का निर्देश दिया है। एडिशनल एसपी डॉ. तेजबीर सिंह के नेतृत्व में जिले की पुलिस ने जिले भर के धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर को चेक किया। उन्होंने कुछ जगहों पर मानक के अनुरूप न मिलने और आवश्यकता से अधिक होने के कारण उसे उतरवाए। उन्होंने तेज आवाज में न बजाए जाने की हिदायत दी। पुलिस टीम ने जिले के सभी बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस टीम ने फ्लैग मार्च भी किया। पुलिस ने लोगों को शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। वहीं सोशल साइट पर भड़काऊ पोस्ट से बचने, फारवर्ड मैसेज शेयर करने से बचने, किसी के भी धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचाने और अफवाह से बचने की अपील की। एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायान ने कहा कि अफवाह फैलाने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।