गोपीगंज नगर में निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा। संवाद
गोपीगंज। नगर में बृहस्पतिवार को भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की रथयात्रा श्रद्धा, उत्साह के साथ निकाली गई। फूलों से सुसज्जित रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने हाथ जोड़कर भगवान के दर्शन किए, जबकि महिलाओं ने घरों की छतों से रथ पर पुष्पवर्षा करके आशीर्वाद लिया। जय जगन्नाथ के गगनभेदी जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। सुरक्षा-व्यवस्था चाक चौबंद रही। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात रहे।
रथयात्रा का शुभारंभ नगर के सोनिया तालाब स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से हुआ। आचार्य रामजी पाठक ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा का माल्यार्पण कर विधि-विधान से आरती उतारी। इसके बाद श्रद्धालुओं ने रथ की रस्सी पकड़कर यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा को लेकर सुबह से ही तैयार चल रही है। ढोल-नगाड़ों, शंखध्वनि और धर्मध्वजाओं के साथ निकली रथयात्रा में सबसे आगे हाथी आकर्षण का केंद्र रहे। यात्रा फूलबाग, सदर मोहाल, अंजही मोहाल, पश्चिम मोहाल, मिर्जापुर रोड होते हुए विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। रथ की रस्सी खींचने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आचार्य शरद पांडेय ने बताया कि रथ की रस्सी खींचने की पुरानी परंपरा है। जो शुभ माना जाता है। रस्सी पकड़ने से पुण्यफल की प्राप्ति होती है। रथयात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान का स्वागत किया और दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस मौके पर सांसद डॉ. विनोद बिंद सहित औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर, ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे, पालिका अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, डॉ. घनश्यामदास गुप्ता, कृष्ण कुमार व राकेश कौशल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।