लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान उड़नदस्ता टीम, लेखा टीम, वीडियो निगरानी टीम और अवलोकन टीम के कार्यों की समीक्षा की गई। टीमों को 29 अप्रैल से शुरू हो रहे नामांकन के साथ ही अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए। नोडल अधिकारी (व्यय) बृजेश सिंह ने सहायकों को प्रशिक्षण दिया। आईटी के प्रभारी संग एफएसटी (फ्लाइंग स्कवाड टीम) और एसएसटी (स्टैटिक सर्विलांस टीम) को ईएसएमएस एप के माध्यम से सीज करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। कहा कि निगरानी के दौरान नकदी, कीमती धातु, नारकोटिक्स, प्रलोभन सामग्री आदि पाए जाने पर जब्त करते हुए उसकी सूचना ईएसएमएस एप पर भरनी है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी टीमों को उनके दायित्व समझाए। इस मौके पर एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह, डीआईओ डॉ. पंकज कुमार रहे।