जनपद की अग्रणी बैंक यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया के मेगा एमएसएमई आउटरीच शिविर में बृहस्पतिवार को 350 लाभार्थियों में 90 करोड़ ऋण वितरित किया गया। डीएम विशाल सिंह ने खुद लाभार्थियों को ऋण का चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि एमएसएमई भारतीय अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन है।
डीएम ने ऋण प्रवाह सभी जरूरतमंदों तक सुगमता से पहुंचे इस पर जोर दिया और इसके निरंतर वृद्धि से ही सतत आर्थिक विकास संभव है। कहा कि एमएसएमई क्षेत्र किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। इसमें यूबीआई ने एक कदम आगे बढ़ कर उद्यमियों की सहायता की है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने सरकार प्रायोजित रोज़गार परक योजनाओं पर प्रकाश डाला। साथ ही बैंकों से ऐसी योजनाओं के त्वरित निष्पादन के लिए अपील की।
विशिष्ट अतिथि यूबीआई के महाप्रबंधक मनोज कुमार ने अपने बैंक कर्मियों को ग्राहक सेवा बेहतर और सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया। कहा कि जिले में संभावनाएं तलाश कर देश के आर्थिक विकास में सक्रिय योगदान दें।
बैक के क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार ने शासन की विभिन्न योजनाओं और लक्ष्यों की पूर्ति का आश्वासन दिया।
बताया कि योजनाएं चला कर अधिक से अधिक लाभार्थियों को आच्छादित करने पर जोर दिया जा रहा है। संचालन बैंक की चंद्रेई बसु और धन्यवाद ज्ञापन अग्रणी जिला प्रबंधक अभिषेक कुमार ने दिया। मौके पर उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र आशुतोष पाठक, उपायुक्त एनआरएलएम अनुराग राय, सहित कालीन निर्यातक, गणमान्य लोगों सहित बैंक अधिकारी मौजूद रहे।