ज्ञानपुर। आरक्षी भर्ती परीक्षा के बाद अब जिले में आगामी 14 जून को प्रवक्ता भर्ती परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी गई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रवक्ता भर्ती परीक्षा जिले के सात केंद्रों पर आयोजित होगी। जिसमें कुल 2973 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिले में परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है। बृहस्पतिवार को क्लेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय नारायण सिंह ने तैयारियों की समीक्षा की।
जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। परीक्षा संचालन की प्रक्रिया, सुरक्षा प्रबंधन, अभ्यर्थियों की एंट्री व्यवस्था आदि को लेकर संबंधित को जिम्मेदारियां सौंपी गई है। परीक्षा की पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक होगी। जिसमें कुल सात परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।
जिसमें विभूति नारायण इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर, जिला पंचायत इंटर कॉलेज, गुलाबधर मिश्रा इंटर कॉलेज, गोपीगंज, इन्द्र बहादुर नेशनल इंटर कॉलेज, भदोही, एमए समद इंटर कॉलेज भदोही, काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ब्लॉक ए और ब्लॉक बी को बनाए गए हैं। परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। बैठक में अनिल कुमार प्रवेक्षक प्रयागराज, एआरटीओ राम सिंह आदि रहे।