सर्रोई। भदोही तहसील में तैनात लेखपालों के खिलाफ अधिवक्ताओं का आंदोलन तेज हो गया है। मंगलवार को अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार करके विरोध जताया। कहा कि जब तक तहसीलदार सहित सात लेखपालों का स्थानांतरण नहीं होगा तब तक वह चुप नहीं बैठेंगे। अधिवक्ताओं ने कहा कि भ्रष्टाचार के लिए भदोही तहसील पहले भी सुर्खियों में रहा है। यहां के कई लेखपाल रिश्वत लेते पकड़े जा चुके हैं। जमीनों की नवैयत बदलकर बेच दिया गया। यहां दलालों के माध्यम से गड़बड़ी की जाती है। महत्वपूर्ण फाइलों को इधर-उधर कर दिया जाता है। इससे वादकारियों को परेशानी होती है। अधिवक्ताओं ने कहा कि डीएम शैलेश कुमार ने तीन जुलाई को लेखपालों को स्थानांतरित कर दिया है, लेकिन सभी अभी तक जमे हैं। जब तक उन्हें नहीं हटाया जाएगा वह काम पर नहीं लौटेंगे। इस दौरान संदीप यादव, जय कृष्ण यादव, रामकृष्ण यादव, जय सिंह, विष्णु जायसवाल, विनोद चौरसिया, सतीश यादव, जितेंद्र बिंद, आजाद कुमार, विकास यादव, सियाराम यादव, प्रदीप त्रिपाठी आदि रहे।