ज्ञानपुर। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए प्रदर्शन किया। सरकार को किसान विरोधी बताया। कहा कि खेतीबाड़ी के सीजन में न तो यूरिया मिल रहा है और न ही बिजली। इससे किसान परेशान हैं। जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। धान की फसल के लिए पर्याप्त यूरिया, सिंचाई के साधनों की बहाली, किसानों को मुफ्त बिजली जैसी मांगों का ज्ञापन डीएम को सौंपा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ खाद और पानी की नहीं, किसानों की इज्जत और उनके अधिकार की है। कांग्रेस पार्टी किसानों की आवाज हर मंच तक पहुंचाने के लिए संघर्षशील है। प्रदेश समन्वयक दयाशंकर पांडेय और पूर्व जिलाध्यक्ष डाॅ. राजेंद्र कुमार दूबे ने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी नीतियों पर चल रही है। कांग्रेस इस अन्याय को सहन नहीं करेगी। प्रदेश सचिव राकेश मौर्या और प्रदेश महासचिव युंका नाजिम अली ने कहा कि किसानों की समस्याएं सिर्फ ग्रामीण ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चिंता का विषय हैं। इस दौरान दीनानाथ दूबे, राजेश्वर दूबे, मुशीर इकबाल, सुरेश गौतम, सुबुकतगीन अंसारी, स्वालेह अंसारी, राजेंद्र मौर्या, अवधेश पाठक, अकबर अंसारी, शिव पूजन मिश्रा, सुरेश चौहान आदि रहे।