भदोही। घने कोहरे से उत्तर रेलवे के भदोही-जंघई रेलमार्ग पर ट्रेनों के विलंब से चलने से रेल यात्रियों की समस्या बढ़ गई है। अधिकतर रेलयात्री ट्रेनों की ट्रैकिंग कर ही स्टेशन पहुंच रहे हैं, लेकिन दूर दराज के यात्रियों को ठंड में स्टेशन पर समय बिताना मुश्किल साबित हो रहा है। भदोही स्टेशन से होकर गुजरने वाली दो ट्रेनों ने खुब छकाया। जिसमें से जम्मू तवि-पटना एक्सप्रेस साढ़े सात घंटे तो हावड़ा को जाने वाली पंजाब मेल सवा 5 घंटे देरी से चल रही थी।
भदोही स्टेशन अधीक्षक बीबी मिश्र ने बताया कि 12356 जम्मु तवि से पटना को जाती है। इस ट्रेन का भदोही पहुंचने का समय 15.03 बजे है, लेकिन देर शाम तक वह भदोही नहीं पहुंची थी। इसी प्रकार 13006 अमृतसर हावड़ा पंजाब मेल का भदोही पहुंचने का समय है 15.23 बजे रहा, लेकिन यह ट्रेन भी सवा 5 घंटे देरी से चल रही थी। इसी प्रकार बताया कि 14866 जोधपुर से वाराणसी को जाने वाली साप्ताहिक मरुधर एक्सप्रेस ट्रेन आज निरस्त रही। कहा कि दूसरी कई ट्रेनें एक घंटे देरी से चल रही हैं। ट्रेनों की लेटलतीफी से आम यात्रियों को दिक्कत हो रही है। ठंड हो कोहरा पड़े लोग आवश्यकता पड़ने पर ही यात्रा करते हैं। ऐसे में उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। अव्यवस्था के चलते यात्रियों को महिलाओं और बच्चों के साथ समस्या झेलनी पड़ रही है।