कोइरौना थानाक्षेत्र के कलिंजरा-सीतामढ़ी मार्ग पर शनिवार को जल जीवन मिशन योजना की पाइप लाइन जोड़ रहे मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। मजदूर विद्युत हीटर मशीन से पाइप जोड़ रहा था। इसी दौरान मशीन में करंट उतरने लगा, जिसकी चपेट में आकर मजदूर की मौत हो गई। खबर मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन पुलिस को शव न देने पर अड़ गए। ठेकेदार पर मुकदमा दर्ज कराने के आश्वासन पर शव को सौंपा।
ज्ञानपुर के चितईपुर निवासी विजय कुमार बिंद (27) पुत्र सुरेंद्र बिंद कई साल से कमलेश यादव ठेकेदार के साथ रहकर वाटर पाइप लाइन को जोड़ने का कार्य करता था। शनिवार को दोपहर दो बजे कलिंजरा-सीतामढ़ी मार्ग पर दलित बस्ती के पास कार्य करते समय बिजली के करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना पर कोइरौना पुलिस एंबुलेंस की मदद से उसे सीएचसी डीघ लेकर गई। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजन और रिश्तेदार ठेकेदार को बुलाने पर अड़ गए और शव को पुलिस को नहीं दिए। परिजनों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार को पुलिस ने भगा दिया। सीएचसी पर पुलिस के अलावा कानूनगो इंदू प्रकाश तिवारी, लेखपाल सर्वेश शुक्ल समेत कई भाजपा नेता पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार और भाजपा नेता तेज बहादुर बिंद के समझाने और ठेकेदार के खिलाफ नामजद एफआईआर और मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने के आश्वासन पर परिजनों ने शव पुलिस को सौंपा।