लालानगर। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को तीसरी बार कोविड जांच केंद्र गोपीगंज को बदल दिया। बार-बार बदले जा रहे जांच केंद्र को लेकर प्रवासियों समेत स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है। राजेंद्र प्रसाद, मनोज, रविश, दिनेश कुमार आदि ने बताया कि लगभग एक वर्ष से केंद्र का संचालन जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज में चल रहा था। महामारी के दूसरे चक्र में टूट रही गाइड लाइन और त्रिस्तरीय चुनाव को देखते हुए जोगिनका गांव में स्थानांतरित कर दिया जहां मात्र एक दिन केंद्र के चलने पर तीसरी बार प्राथमिक विद्यालय कालीदेवी मिर्जापुर रोड में स्थानांतरित कर दिया गया। अधीक्षक डॉ.आशुतोष पांडेय ने बताया कि भीड़ को देखते हुए केंद्र को काली देवी विद्यालय में कराया गया। यहां पर केंद्र नियमित रूप से चलता रहेगा।