कंपोजिट विद्यालय भुलईपुर में बना किचन गार्डन। संवाद
ज्ञानपुर। जिले के 250 परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की थाली में ताजी और जैविक सब्जियां शामिल करने की पहल शुरू हो गई है। जिले में 550 स्कूलों का चयन किया गया है। दो-दो हजार रुपये हर स्कूल के खाते में भेजा गया है। पांच साल में करीब 550 विद्यालयों में यह व्यवस्था शुरू हो गई है। एमडीएम में बच्चों को विद्यालय में तैयार सब्जी खाने को मिलेगी। जिले में 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। बच्चों को हर रोज मध्याह्न भोजन दिया जाता है। सब्जी, तहरी आदि बनाने के लिए बाजार से खरीदारी करनी पड़ती है। तीन साल पहले स्कूलों में किचन गार्डेन विकसित करने की पहल की गई थी। अभोली ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय प्रयागपुर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय अजयपुर, भुलईपुर सहित कई विद्यालयों में किचन गार्डेन विकसित हो चुका है।
बीते सालों में चयनित स्कूलों की संख्या
साल स्कूलों की संख्या
2021 200
2022 50
2023 50
2024 00
2025 250
किचन गार्डेन में बोई जाएंगी ये सब्जियां
जिन स्कूलों में पहले से किचन गार्डेन बनाए गए हैं वहां मेथी, पालक, धनिया, सौंफ, बैगन, लहसुन, टमाटर, आलू, भिंडी, करेला, कद्दू, लौकी, गाजर, फूल गोभी, पत्ता गोभी, चुकंदर, शलजम, प्याज आदि के अलावा सहजन, बेल, नींबू, आम, अमरूद, शरीफा आदि के पौधे लगे हैं। जिन स्कूलों में किचन गार्डेन बनाए जाने हैं वहां भी ये पौधे लगाए जाएंगे।
इस पहल से बच्चे पौधों की देखभाल, सिंचाई और टीम वर्क जैसी गतिविधियों में हिस्सा लेकर जिम्मेदारी और सहयोग की भावना सीखेंगे। यह पहल बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होगी। इससे स्कूलों का वातावरण हरा-भरा बनेगा और विद्यार्थी प्रकृति के और करीब आएंगे।
- शिवम पांडेय, बीएसए भदोही।