ज्ञानपुर। जिला जज बिजेंद्र कुमार सैलत, जिलाधिकारी गौरांग राठी-पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने मंगलवार को जिला कारागार ज्ञानपुर का औचक निरीक्षण किया। बंदियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। कारागार अधीक्षक को निर्देश दिया कि बंदियों को जेल में मिलने वाली हर सुविधा मुहैया कराई जाए। हालांकि किसी तरह की आपत्तिजनक वस्तु नहीं पाई गई। मंगलवार को माम 4.10 बजे पहुंचे अधिकारियों ने करीब एक घंटे तक जेल में बंदियों से भोजन व्यवस्था और अन्य के बारे में जानकारी हासिल की। रसोई घर, खाद्यान्न स्टोर, महिला-पुरुष बैरक, किशोर बैरक का निरीक्षण किया। जेल परिसर की डिस्पेंसरी का भी निरीक्षण किया। उपलब्ध दवाओं के बारे में जानकारी हासिल की। कहा कि बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं में कोई कटौती न की जाए। ऐसी शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद अधिकारी महिला स्वधार गृह पहुंचे। अधीक्षक से व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिला कारागार में सवा दो घंटे तक टीम रही। इस दौरान कोई भी आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। साफ-सफाई संग बंदियों को जरूरी सुविधाएं देने का निर्देश दिया गया।