औराई थानाक्षेत्र के जयरामपुर गांव से चार दिन पूर्व लापता किशोर का शव रविवार गांव के ही एक कुएं में उतराया मिला। खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। सिर में गंभीर चोट होने पर लोगों ने हत्या की आशंका जताई।
जयरामपुर गांव निवासी कल्लू सरोज (13) पुत्र रामजी सरोज 16 मार्च को शाम पांच बजे शौच करने के लिए सिवान में गया। देर शाम तक न लौटने पर परिवार वाले परेशान हो गए। काफी खोजबीन के बाद भी पता न चला तो शनिवार को घर वाले औराई थाने में मुकदमा दर्ज कराने गए। फोटो न होने से पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं किया। रविवार सुबह शौच करने जा रहे लोगों को हनुमान मंदिर के समीप स्थित कुएं से दुर्गंध आई तो जाकर देखा। कुएं में कल्लू का शव उतराया मिला। घटना की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। वहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। सिर में गंभीर चोट के निशान होने और जीभ बाहर निकलने से लोगों ने हत्या की आशंका जताई। ग्रामीणों ने कहा कि तीन दिन से कुएं के पास लोग देख रहे हैं लेकिन शव नहीं दिखा। आशंका जताई कि दूसरे स्थान पर हत्या कर शव यहां फेंका गया है। कल्लू सरोज दो बहनों में इकलौता था। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। पुलिस शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सुशील कुमार सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।