ज्ञानपुर। बार-बार नोटिस देने के बाद भी रायल्टी जमा न करने पर सुरियावां के बहरैची स्थित शुभम ईंट भट्ठा सोमवार को खनन विभाग ने सीज कर दिया। खनन अधिकारी अरविंद यादव के नेतृत्व में पहुंची टीम ने ईट भठ्ठे को सीज कर एक ट्रैक्टर ईट को पाली चौकी में जब्त कराया। उन्होंने बताया कि उक्त भट्ठे पर तीन साल का विनियमन शुल्क बकाया था। कई बार पत्र लिखने के बाद भी ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि रायल्टी जमा न करने वाले भट्ठा संचालकों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि 175 भट्ठों में 100 से अधिक ने रायल्टी जमा कर दिया था। 55 संचालकों पर सख्ती की गई तो 15 ने जमा किया, लेकिन अब भी 35 नहीं आए। 15 मार्च तक सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि सीज भट्ठे पर करीब दो हजार ईंट को तोड़ा गया।