ज्ञानपुर। नाली निर्माण कार्य के चलते भदोही-ज्ञानपुर मार्ग पर सोमवार को जाम की स्थित बन गई। जिसमें बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे। जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई थी और 40 मिनट बाद बाहर निकल पाई।
नगर में हरिहर नाथ मंदिर से पुलिस लाइन और दुर्गागंज त्रिमुहानी तक नाली निर्माण का काम चल रहा है। संस्था की ओर से नाली को खोदकर उसका मलबा सड़क पर ही रख दिया गया है। जिससे सड़क काफी संकरा हो गया। अति व्यस्त रहने वाले ज्ञानपुर-गोपीगंज रोड पर सोमवार की सुबह जाम की स्थिति बन गई। हरिनाथ मंदिर से लेकर शीतलपाल तिराहा तक जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे। 40 मिनट तक रहे जाम से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि बाद में यातायात कर्मियों ने मोर्चा संभाला और जाम से निजात दिलाया।