जनपद के दो अलग-अलग थानाक्षेत्रों में सोमवार को हुईं दो सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दंपती समेत चार लोग घायल हो गए। कोठरा में बोलेरो की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई और एक युवक घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सुरियावां थानाक्षेत्र के मतेथू बाजार में टवेरा की टक्कर से बाइक सवार रेलवे कर्मचारी और उसकी पत्नी, बच्चे हो गए। निजी अस्पताल में उपचार के बाद दंपति को बीएचयू रेफर कर दिया गया।
औराई संवाददाता के अनुसार, थानाक्षेत्र के झौवां निवासी रमेश पाल (25) और अजय पाल (22) सोमवार को बाइक से किसी काम के लिए औराई आ रहे थे। कोठरा के समीप पहुंचे थे कि पेट्रोल भराने के लिए जीटी रोड के उत्तरी लेन पर चले गए। तेल लेने के बाद वह दक्षिणी लेन पर आ रहे थे कि उसी दौरान वाराणसी की ओर से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। 108 एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी औराई में भर्ती कराया गया। यहां डाक्टरों में रमेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि अजय को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। सुरियावां संवाददाता के अनुसार, थानाक्षेत्र के मतेथू बाजार में रविवार की रात टवेरा कार की टक्कर से बाइक सवार दंपति और एक मासूम घायल हो गया। सभी का निजी अस्पताल में उपचार कराने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत चिंताजनक होने पर डाक्टरों ने बीएचयू रेफर कर दिया। ऊंज थानाक्षेत्र के अईनछ गांव निवासी भरत लाल चौरसिया (32) डीएलडब्ल्यू में रेलवे कर्मचारी हैं। रविवार को वह अपनी पत्नी सोनम (30)और चार साल के बेटे सिद्धार्थ के साथ किसी रिश्तेदारी जा रहे थे। मतेथू बाजार में रात करीब नौ बजे कार की टक्कर से घायल हो गए।