सुरियावां। भदोही तहसील सभागार में सोमवार सुरियावां के पटाखा व्यवसायियों के साथ बैठक कर अधिकारियों ने हिदायत दी है। एसडीएम चंद्रशेखर ने कहा कि आगामी दिनों दीपावली का त्योहार है। सुरक्षित जीवन के लिए पटाखों से दूर रहना जरूरी है। त्योहार के नजदीक आने पर अवैध ढंग से छोटी-बड़ी पटाखा की दुकानें गाइड लाइन का उल्लंघन कर सज जाती हैं। ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित स्थानों पर दो दुकानों के बीच तीन मीटर की दूरी रखना आवश्यक होगा। फुटकर व्यवसायी अस्थायी लाइसेंस की औपचारिकता तहसील स्तर पर पूरा कर लाइसेंस प्राप्त करेंगे और थोक, गोदाम संचालक हैवी लाइसेंस के बिना नहीं चलेंगे। स्पष्ट रूप से कहा कि पूर्व से बने लाइसेंसों का नवीनीकरण/रेन्युवल जरूर कराएं। क्षेत्राधिकारी भदोही अजय कुमार चौहान ने कहा कि पटाखा की दुकानों के लिए स्थान भी चिह्नित किए जाएंगे। जहां दुकानदार लाइसेंसयुक्त दुकानें सजाकर पटाखे की बिक्री भी करेंगे। दुकानों के आसपास बालू, पानी, अग्निशमन यंत्रों की अनिवार्यता जरूरी होगा। चिह्नित स्थान पर लटकते विद्युत तारों की शिकायत विभाग से की जाएगी। गाइड लाइन का उल्लंघन करने वालों को चिह्नित करने में टीम सक्रिय है। बैठक में प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह, अधिशासी अधिकारी सोनल जैन, पटाखा व्यवसायी, निकाय कर्मचारी उपस्थित रहे।