भदोही। नगर के हरियावं स्थित प्रेमबहादुर सिंह भदोही पब्लिक स्कूल में शनिवार से दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। पहले दिन नेपाल, भूटान, कजाकिस्तान श्रीलंका सहित देश के नौ राज्यों के जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 25 किलो से कम वजन वाले बच्चों ने शानदार कराटे कला का प्रदर्शन किया।
चैंपियनशिप का उद्घाटन प्रदेश सरकार के खेल व युवा कल्याण मंत्री गिरीशचंद्र यादव ने नेपाल व मलेशिया के खिलाड़ियों को झंडी दिखाकर किया। उन्होंने चैंपियनशिप के आयोजन को लेकर गुजूरियो कराटे फेडरेशन आफ इंडिया की सराहना की। कहा कि कराटे सिर्फ एक खेल नहीं बल्कि कला है। इसका अभ्यास सबको करना चाहिए।
विशेषकर बालिकाओं को कराटे कला में निपुण होना बेहद जरूरी है। कहा कि आज बेटियों का आत्मरक्षा में दक्ष होना अत्यंत आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथि मडियाहूं विधायक डॉ. आरके पटेल ने कहा कि यहां के अधिकतर लोग कराटे कला से अनभिज्ञ थे, लेकिन आज फेडरेशन की बदौलत सैकड़ों बच्चे इस खेल से जुड़ चुके हैं। फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डीएम सिंह गहरवार ने अतिथियों का स्वागत किया।
प्रतियोगिता में भूटान, नेपाल, कजाकिस्तान, कुवैत, दुबई व श्रीलंका व भारत के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पहले दिन 25 किलो वजन वर्ग से कम जूनियर खिलाड़ियों के बीच मुकाबला हुआ। श्रीलंका, नेपाल, भूटान व कजाकिस्तान के साथ देश के नौ राज्यों के जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों के बीच प्रतियोगिता कराई गई। रविवार को सीनियर वर्ग के मुकाबलों के साथ जूनियर वर्ग का फाइनल मैच कराया जाएगा। रविवार को ही प्रतियोगिता का समापन किया जाएगा। मौके पर डॉ. एसपी गुप्ता, दिनेश यादव, डॉ. आलोक श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।