कौलापुर। सावन मास के लिए बृहस्पवितार की देर रात 12 बजे हाईवे का उत्तरी लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित हो गया है। उत्तरी लेन के 67 कट प्वाइंट पर पुलिसकर्मी तैनात हैं। ऊंज और बाबूसराय की सीमा पर विशेष रूप से पुलिस की ड्यूटी लगी है।
उत्तरी लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित होने के बाद दक्षिणी लेन पर विशेष साइनेज लगाए गए हैं, जो यात्रियों को रास्ता बताएंगे। बुधवार की देर रात एसपी अभिमन्यु मांगलिक व एएसपी शुभम अग्रवाल पुलिसकर्मियों के साथ हाईवे पर उतर कर तैयारियों का जायजा लिया।
हर साल सावन में वाराणसी-प्रयागराज हाईवे का उत्तरी लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित कर दिया जाता है। जगह-जगह कांवड़ियों के शिविर लगाए जाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा का भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
हाईवे पर कोई वाहन प्रवेश न कर पाए। इसके लिए वाराणसी-प्रयागराज हाईवे जिले की 42 किलोमीटर सीमा में 67 कट व संपर्क मार्गों के निकास पर बैरिकेडिंग की गई है।
हर प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे के साथ-साथ कांवड़ मार्गों की ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। कांवड़ियों की सुविधा के लिए चार स्थानों पर एबुलेंस भी तैनात रहेगी।
इसमें जंगीगंज, गोपीगंज, लालानगर टोल प्लाजा और औराई शामिल है। उत्तरी लेन पर भीटी बार्डर से बाबू सराय तक चार अस्पताल थाना गोपीगंज, सीएचसी गोपीगंज, टोल प्लाजा लालानगर, थाना औराई पर स्थापित किया गया है। हाईवे पर संकेतक लगा दिए गए हैं।