भदोही। भारत सरकार के कपड़ा मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत जूट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (जेसीआई) की ओर से भदोही में पहला आउटलेट कार्यालय कार्यालय खोला। जूट उत्पादों को बढ़ावा देना, किसानों और कारीगरों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना के साथ पर्यावरण अनुकूल उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहित करने से उद्देश्य से खुले इस कार्यालय का सोमवार को जेसीआई के प्रबंध निदेशक संजय कुमार पाणिग्रही ने शुभारंभ किया।
बताया कि भदोही में खुले इस नए आउटलेट से कालीन उद्योग, जूट उत्पाद निर्माताओं और निर्यातकों को एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण जूट यार्न, जूट बैग, जूट सुतली और अन्य जूट आधारित सामग्री उपलब्ध हो सकेगी। बताया कि कि यह आउटलेट ‘जूट से जुड़ो, प्रकृति से जुड़ो’ की सोच को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय उद्यमियों, बुनकरों, कारीगरों और निर्यातकों को उच्च गुणवत्ता वाला कच्चा माल समय पर उपलब्ध होगा। जिससे उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ेगी और लागत में भी कमी आएगी।
इससे पहले कारपोरेशन के महाप्रबंधक कल्याण कुमार मजूमदार ने जूट की विशेषता, पैदावार, टेस्टिंग सहित विभिन्न बिंदुओं पर प्रकाश डाला।बताया कि भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय की अधीन संचालित जेसीआई की स्थापना 1971 में की गई थी। वर्तमान समय देश भर में जेसीआई के 110 क्रय-विक्रय केंद्र हैं।
निर्यातकों ने जूट कार्यालय के खुलने को बताया सकारात्मक
भदोही में जूट कारपोरेशन ऑफ इंडिया का कार्यालय खुलने पर निर्यातकों को इसका स्वागत किया। बताया कि भदोही विश्व का प्रमुख हस्तनिर्मित कालीन केंद्र है और यहां गुणवत्तापूर्ण जूट बैकिंग क्लॉथ, जूट यार्न एवं अन्य कच्चे माल की उपलब्धता लंबे समय से एक बड़ी आवश्यकता थी। अब स्थानीय स्तर पर सामग्री मिलने से परिवहन लागत घटेगी, समय की बचत होगी तथा छोटे और मध्यम उद्योगों को भी सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यदि जूट उत्पादों की गुणवत्ता और आपूर्ति निरंतर बनी रही तो इसका सीधा असर कालीन निर्यात पर पड़ेगा और व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
समारोह में यह रहे मौजूद
इस दौरान सीईपीसी के वाइस चेयरमैन असलम महबूब, एकमा के मानद सचिव असीम अंसारी, अध्यक्ष उमेश गुप्ता, आईआईसीटी के निदेशक डॉ. राजीव वार्ष्णेय, पीयूष बरनवाल, कौशिक रचित, आसिफ अंसारी, सादिक अंसारी, जयप्रकाश गुप्ता, राजकुमार बोथरा, रवि पाटोदिया, संजय गुप्ता, चंद्रप्रकाश जायसवाल, हाजी गुलामन, गुलाम रसूल, तनवीर अंसारी, आलोक बरनवाल, विधान यादव, एजाज अंसारी, इश्तियाक खान, शाहिद अंसारी, अकबर, अरशद, वजीर, अनिल मौर्य आदि रहे।