कोतलाका में जूट कारपोरेशन के साथ अनुबंध दिखाते एकमा के मानद सचिव। स्रोत- एकमा
भदोही। जूट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड का भदोही के मर्यादपट्टी स्थित कालीन भवन में बुधवार को आंचलिक कार्यालय खोला गया। वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के तहत संचालित इस कार्यालय से जिले में जूट आपूर्ति को बढ़ावा मिलेगा। जिसका सीधा लाभ किसानों व निर्यातकों को होगा। बीते 26 जून को कोलकाता में जूट कॉर्पोरेशन कोलकाता के प्रबंध निदेशक संजय कुमार पाणिग्रही ने ऑल इंडिया कार्पेट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (एकमा) के मानद सचिव पीयूष कुमार बरनवाल के साथ पांच साल के लिए एक अनुबंध किया।
जूट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के विपणन एवं संचालन के महाप्रबंधक के के मजूमदार ने इस अनुबंध को भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना बताया। कहा कि यह भविष्य में जूट से बने उत्पादों के निर्माण और निर्यात को बढ़ावा देगा। एकमा के मानद सचिव पीयूष बरनवाल ने बताया कि कार्यालय का मुख्य उद्देश्य जूट आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करना है। यह किसानों को जूट की खेती के लिए प्रोत्साहित करेगा और उन्हें सही दिशा-निर्देश उपलब्ध कराएगा। स्थानीय कालीन निर्यातकों को जूट विपणन संबंधी सुविधाएं भी मिलेंगी। वर्तमान में, जूट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया भारत के छह राज्यों में किसानों के लिए 100 से अधिक क्रय केंद्र संचालित कर रहा है। पीयूष बरनवाल ने बताया कि इससे किसानों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। भारत सरकार की मंशा के अनुरूप भविष्य में जूट उत्पादों का निर्माण बढ़ेगा।